Life Style

Jaipur : कला के क्षेत्र में उस्ताद अहमद और मोहम्मद हुसैन, सामाजिक कार्य के क्षेत्र में लोढ़ा को पद्मश्री पुरस्का

जयपुर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को राजस्थान से कला के क्षेत्र में संयुक्त रूप से उस्ताद अहमद हुसैन और उस्ताद मोहम्मद हुसैन और सामाजिक कार्य के क्षेत्र में मूलचन्द लोढ़ा को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया।

उस्ताद अहमद हुसैन गजल गायिकी के प्रमुख कलाकार हैं। वे अपने भाई उस्ताद मोहम्मद हुसैन के साथ मिलकर अपनी गायिकी से संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध करते आ रहे हैं। तीन फरवरी 1951 को जयपुर में जन्मे उस्ताद अहमद हुसैन के पिता स्वर्गीय उस्ताद अफजल हुसैन अपने समय के प्रतिष्ठित संगीतकार थे। उन्होंने 1959 में आकाशवाणी जयपुर में बाल कलाकार के रूप में अपने संगीत कॅरियर की शुरुआत की और कड़े अनुशासन से अपने संगीत कौशल को निखारा। उस्ताद अहमद हुसैन और उनके भाई उस्ताद मोहम्मद हुसैन साथ-साथ गाते हैं। उन्होंने सफलतापूर्वक अपनी एक अनूठी और खास शैली विकसित की है। पूरी तरह अलग आवाज होने के बावजूद उन्होंने गायिकी में शानदार संगत की। उन्होंने सुगम शास्त्रीय संगीत में अपनी संगीत रचनाएं तैयार करके संगीत की शुद्धता बरकरार रखी। उन्होंने सुंदर बोल और सुरीली आवाज के साथ युगल गायिकी से हर गजल प्रेमी के दिलो-दिमाग पर अमिट छाप छोड़ी है। अब तक उनकी गजलों के 80 एलबम जैसे गुलदस्ता, श्रद्धा भावना, नूर-ए-इस्लाम, एक ही सरूप (शबद कीर्तन), खयाले यार, हम खयाल और अन्य एलबम जारी हो चुके हैं। उन्होंने कैंसर रोगियों और दिव्यांगों तथा थैलेसीमिया रोगियों की सहायतार्थ आयोजित कार्यक्रमों में भी निशुल्क प्रस्तुतियां दी हैं।

उस्ताद अहमद हुसैन ने दिल्ली में अमीर खुसरो फाउंडेशन द्वारा आयोजित रजत और स्वर्ण जयंती कार्यक्रम तथा दर्शक संस्था जयपुर और सृजन सांस्कृतिक संस्था द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया है। उन्होंने आकाशवाणी नई दिल्ली के संगीत ऑडिशन बोर्ड और राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर, सारेगामा, जी टीवी, आदाब अर्ज, सोनी टीवी, गजल सारा, ईटीवी उर्दू राजस्थान में निर्णायक की भूमिका भी निभाई है। उस्ताद अहमद हुसैन को कई पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है जिनमें राजस्थान के मुख्यमंत्री द्वारा राजस्थान संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार (1999-2000) और दिल्ली में राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया गया संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार (2016-2017) शामिल हैं। उन्हें शहंशाह-ए-गजल, भजन सम्राट, रूहे गजल जैसी उपाधियों से भी अलंकृत किया गया है। उस्ताद मोहम्मद हुसैन गजल गायिकी के प्रमुख कलाकार हैं। वह अपने भाई उस्ताद अहमद हुसैन के साथ मिलकर अपनी गायिकी से संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध करते आ रहे हैं।

सामाजिक कार्य के क्षेत्र में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित मूलचन्द लोढ़ा राजस्थान के प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने अपना पूरा जीवन निर्धन और जनजातीय लोगों के कल्याण के प्रति समर्पित कर दिया। 15 मार्च 1948 को राजसमंद जिले के आमेट में जन्मे लोढ़ा ने मुंबई से बीए बीएड डिग्री प्राप्त की। छात्र जीवन से ही उनकी समाज, विशेषकर गरीब, निराश्रित और जरूरतमंद लोगों की सेवा के प्रतिरुचि थी। वे आरएसएस में शामिल हो गए और जिला प्रचारक के रूप में विभिन्न क्षेत्रों में इसकी गतिविधियों के विस्तार के लिए कार्य किया। उन्होंने आरआरएस के स्वयंसेवकों को जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए प्रेरित किया। लोढ़ा डूंगरपुर और पाली जिलों की जनजातियों की स्थिति देखकर द्रवित हो गए। जब वे पाली के जिला प्रचारक बनकर आए तब उन्होंने पाली जिले के गोरिया-भीमाना क्षेत्र के गरसिया जनजाति की बेहतरी के लिए कार्य किया। जब उस क्षेत्र में भयानक अकाल पड़ा, तब उन्होंने बड़ी मात्रा में खाद्य पदार्थ, दवाओं का वितरण, पशुओं के लिए कैंप, चारा केंद्र आदि जैसी गतिविधियों का आयोजन किया।

उनके सामाजिक कार्यों के सम्मानस्वरूप आरएसएस ने लोढ़ा को 1990 में “सेवा भारती”, राजस्थान के सबसे बड़े स्वयंसेवी संगठन का प्रदेश संगठन मंत्री बनाया। इस पद पर रहते हुए लोढा ने आरएसएस के स्वयंसेवकों के लिए कई प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया, जिसमें निर्धनों और पिछड़े लोगों की सेवा का प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने जनजातीय लोगों की सेवा के लिए वर्ष 2000 में डूंगरपुर जिले के एक छोटे से गांव मझोला में जागरण जन सेवा मण्डल की स्थापना की। बाद में, उन्होंने वागदारी को अपना कार्यस्थल बनाया, जहां राज्य सरकार ने उन्हें इस संस्था के लिए भूमि प्रदान की। उन्होंने भोजन, मुफ्त शिक्षा, आदि प्रदान करके गरीब और अनाथ बच्चों के लिए भी काम करना शुरू किया। मुफ्त शिक्षा से ऐसे लगभग 300 बच्चों को लाभ हुआ है। लोढ़ा ने वर्ष 2004 में वागदारी में आचार्य महाप्रज्ञ नेत्र चिकित्सालय शुरू किया। 315 नेत्र चिकित्सा कैंपों के माध्यम से जनजातीय इलाकों के लगभग 1 लाख 25 हजार मरीजों को लाभ हुआ है। यहां 18 हजार से अधिक नेत्र ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए गए हैं। उन्होंने वर्ष 2005 में निर्धन जनजातीय परिवारों के लिए विद्यालय शुरू किया। वर्ष 2008 में, उन्होंने छात्रों, मरीजों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए भोजशाला की शुरुआत की। लोढ़ा 75 वर्ष की आयु में भी उत्साह, ऊर्जा और जज्बे के साथ निर्धन और जरूरतमंद लोगों की सेवा कर रहे हैं।


Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button