Mumbai : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 17-18 मई को महाराष्ट्र के दौरे पर – India Ground Report

मुंबई: (Mumbai) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 17 और 18 मई को महाराष्ट्र के दौरे पर हैं। 18 मई को पुणे में भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक का समापन नड्डा के संबोधन से होगा। वह मुंबई में केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद, बुद्धिजीवियों से संवाद जैसे विभिन्न कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले और मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार ने बताया कि भाजपा की क्षेत्रीय कार्यकारिणी की एक दिवसीय बैठक 18 मई को पुणे में हो रही है। बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के करीब डेढ़ हजार सदस्य शामिल होंगे। बैठक का समापन राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के भाषण से होगा। इसके बाद जेपी नड्डा राज्य के सांसदों और विधायकों की बैठक में उपस्थित रहेंगे और केंद्रीय मंत्री और राज्य मंत्रियों से बातचीत करेंगे।
आशीष शेलार ने बताया कि जेपी नड्डा 17 मई को सुबह 11 बजे पहुंचेंगे और सायन-पनवेल मार्ग पर देवनार में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा को नमन कर अपने मुंबई कार्यक्रमों की शुरुआत करेंगे। घाटकोपर-मानखुर्द लिंक रोड पर आरबीके हॉल में लाभार्थी संवाद, बोरीवली में अटल मेमोरियल पार्क में बौद्धिक संवाद, चारकोप में पन्ना प्रखम बैठक में भागीदारी, मुंबई में पार्टी मार्च, आघाड़ी नेताओं के साथ बातचीत जैसे विभिन्न कार्यक्रम उनकी उपस्थिति में आयोजित किए जाएंगे। जेपी नड्डा रमाबाई अंबेडकर नगर के भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमा को नमन करेंगे। इसी दौरान जेपी नड्डा सिद्धिविनायक जा कर भगवान गणेश का दर्शन करेंगे और दादर में स्वतंत्रता सेनानी सावरकर सदन का भी दौरा करने वाले हैं।
Source link